चाकू मारकर युवक की हत्या, दिनदहाड़े वारदात से इलाके में फैली सनसनी
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: राजधानी रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद पहली हत्या की वारदात सामने आई है। गुरुवार शाम अर्जुन नगर स्थित समता कॉलोनी के हाथीराम मंदिर चौक के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दुर्गेश ध्रुव के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात रामनगर क्षेत्र में हुई थी। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान आरोपी ने युवक की जांघ में चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश जान बचाने के लिए मौके से भागा और रेलवे पटरी पार कर समता कॉलोनी तक पहुंचा।
हाथीराम मंदिर चौक के पास पहुंचते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों के साथ-साथ आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
