सीवेज टैंक में सफाई के दौरान बड़ा हादसा, 3 मजदूरों की दम घुटने से मौत, अस्पताल परिसर में मचा हड़कंप

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

सीवेज टैंक में सफाई के दौरान बड़ा हादसा, 3 मजदूरों की दम घुटने से मौत, अस्पताल परिसर में मचा हड़कंप


रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  टिकरापारा स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल परिसर में सीवेज चैंबर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अनमोल मांझी (25), गोविंद सेंद्रे (35) और सत्यम कुमार (22) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक चैंबर की सफाई के लिए 10 मजदूर बुलाए गए थे। सबसे पहले एक मजदूर नीचे उतरा और फंस गया। उसे बचाने के लिए दो अन्य मजदूर भी चैंबर में उतरे, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बाहर नहीं निकल सके। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद भी एक और मजदूर को नीचे उतारने की कोशिश की गई, लेकिन उसने घुटन महसूस होने पर मना कर दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने विरोध शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। करीब 10 बजे तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मामले की पुष्टि टिकरापारा थाना प्रभारी विनय बघेल ने की है।

सफाई ठेकेदार किशन सोनी के अनुसार, चैंबर का ढक्कन खोलकर गैस निकलने के लिए करीब आधे घंटे इंतजार किया गया था। इसी दौरान वह रस्सी लेने गया था और उसके लौटने से पहले ही मजदूर नीचे उतर गया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। शवों को देखते ही उनका गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित ठेका एजेंसी को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।

मृतक अनमोल मांझी का 5 महीने का बेटा है, जबकि गोविंद सेंद्रे के एक बेटा और एक बेटी हैं। सत्यम कुमार अपने माता-पिता के साथ रहता था।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। शुरुआती तौर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।

Share This Article