ट्रेलर में 200 से अधिक यात्रियों को ठूंसकर ले जा रहा चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त
रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: खरोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक ट्रेलर में 200 से अधिक यात्रियों को ले जा रहे चालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर 20 मार्च की रात वाहन चेकिंग के दौरान की गई।
तिगड्डा चौक खरोरा में जांच के दौरान ट्रेलर (CG 04 PP 8113) को रोका गया, जिसमें 200 से 250 यात्री सवार पाए गए। सभी यात्री बेमेतरा जिले के ग्राम बहेरघर के निवासी बताए गए, जो रायगढ़ स्थित मां चन्द्रहासिनी देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे।
जांच में सामने आया कि चालक शोभित राम निषाद (30 वर्ष) तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस के अनुसार, इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों को मालवाहक वाहन में बैठाकर ले जाना गंभीर यातायात उल्लंघन है और उनकी जान जोखिम में डालने जैसा है।
वाहन रोकने पर चालक ने पुलिस स्टाफ से दुर्व्यवहार भी किया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया। इसके बाद पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ धारा 281 भारतीय न्याय संहिता (BNS) और धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल 2 बसों और 5 क्रूजर वाहनों की व्यवस्था कर सभी को सुरक्षित उनके गांव भेजा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें।
