निर्माणाधीन मकान में गीली रस्सी बनी हादसे की वजह: 11 केवी लाइन की चपेट में आने से मजदूर झुलसा, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरामशीन पारा काशी नगर में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान में काम कर रहे एक मजदूर के साथ बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने आनन-फानन में घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक पोड़ी निवासी अजय चौहान (26 वर्ष) ठेकेदार के अंडर मजदूरी कर रहा था। निर्माण कार्य के दौरान वह गीली रस्सी ऊपर फेंक रहा था। इसी दौरान रस्सी पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन से टकरा गई और तेज करंट उसकी चपेट में आ गया। हादसे में अजय की पीठ और हाथ बुरी तरह झुलस गए। डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 40 प्रतिशत तक जल गया है। बताया जा रहा है कि समय पर अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच गई, लेकिन हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पीठ और हाथ में गहरे जख्म होने के कारण डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

प्राथमिक जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के निर्माण कराया जा रहा था। न तो बिजली विभाग से शटडाउन लिया गया था और न ही सुरक्षित दूरी का पालन किया गया। जिला अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना पुलिस को मेमो के जरिए दे दी है। पुलिस घायल मजदूर का बयान दर्ज कर मामले की जांच करेगी।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सिविल लाइन क्षेत्र के बुधवारी इलाके में निर्माणाधीन मकान से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे हादसे निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Share This Article