कोरबा में महिला से दुष्कर्मः पति से विवाद के बाद दोस्त ने भरोसे का उठाया फायदा, दो आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा के बालको थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला घर छोड़कर निकल गई थी। इसी दौरान पति के दोस्तों ने उसे अपने साथ ले जाकर शराब पिलाई और जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 15 मई 2026 की शाम खाना बनाने की बात को लेकर उसका पति से विवाद हो गया था। नाराज होकर वह घर से निकल गई और बालको पुल के पास एक सब्जी दुकान के पास रुक गई। रात अधिक होने पर उसने पास के मंदिर में रात बिताई।

अगली सुबह वह ऑटो से बालको पहुंची, जहां उसकी मुलाकात पति के दो दोस्तों संजय और विजय (बदले हुए नाम) से हुई। संजय परिवार का परिचित था। उसके कहने पर विजय महिला को अपने घर ले गया, जहां परिवार के साथ उसे रखा गया।

शाम के समय विजय महिला को घर छोड़ने निकला, लेकिन रास्ते में संजय मिल गया। दोनों उसे बाइक पर बैठाकर लालघाट की ओर ले गए। आरोप है कि वहां दोनों ने महिला को जबरन शराब पिलाई और बाद में जंगल की ओर ले गए। कुछ देर बाद विजय वहां से चला गया।

पीड़िता के मुताबिक रात करीब 10 बजे संजय ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। सुबह विजय वापस आया और दोनों को बालको के पास छोड़ दिया। इसके बाद महिला अपनी मामी के घर पहुंची और पूरी घटना बताई।

19 मई 2026 को पीड़िता ने बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।

 

Share This Article