कोरबा: नवाडीह जंगल में युवती का संदिग्ध हालत में मिला शव, 20 दिन से थी लापता, फैली सनसनी….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह जंगल में सोमवार को एक 20 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार घने जंगल और दुर्गम रास्ते के कारण पुलिस टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव मिलने की सूचना सरपंच पति राय सिंह कंवर ने पुलिस को दी थी। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतका की पहचान सपना धनुवार (20 वर्ष), पिता हरिराम धनुवार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि सपना की गुमशुदगी की रिपोर्ट करीब 20 दिन पहले कुसमुंडा थाना क्षेत्र में दर्ज कराई गई थी। तब से पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

घटनास्थल से पुलिस को एक संदिग्ध जहर की शीशी भी बरामद हुई है जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। वहीं परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा जंगल के आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान जारी है।

इधर परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Share This Article