कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के जटगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत लालमट्ठा-घरसा चढ़ान पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मुरुम (मिट्टी) से भरा ट्रैक्टर चढ़ाई चढ़ते समय अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक वाहन के नीचे दब गया।
हादसे में चालक बनवारी लाल पटेल (40 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जटगा चौकी प्रभारी भीमसेन यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार बनवारी लाल पटेल खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चढ़ाई पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ना और वाहन के ओवरलोड होने की आशंका जताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
