कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूमोड़ के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद एक ट्रेलर का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार सुबह दोनों ट्रेलर विपरीत दिशा से आ रहे थे। इसी दौरान किसी कारण से एक वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और दोनों ट्रेलरों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कटर की मदद से ट्रेलर की क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर चालक के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने हादसे की सूचना वाहन मालिक और मृतक के परिजनों को दे दी है तथा उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
इधर हादसे के बाद दूसरे ट्रेलर का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
कटघोरा पुलिस ने बताया कि फरार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है।
