नशे के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान: भैरोताल बस्ती में नशे के खिलाफ महिलाओं की मुहिम रंग लाई; 5 लोगों पर हुई कार्रवाई

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कुसमुण्डा पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भैरोताल क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसा। महिलाओं की शिकायत के बाद पुलिस ने कई घरों में दबिश देकर पांच लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल की सैकड़ों महिलाओं ने क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत पुलिस से की थी। सूचना मिलते ही थाना कुसमुण्डा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की और मौके के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पाण्डेय अपनी टीम के साथ भैरोताल बस्ती पहुंचे, जहां सामुदायिक भवन में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, पार्षद, मितानिन और स्थानीय लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं से अपील की गई कि वे बिना किसी डर के क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि हर सूचना पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी तथा इलाके में नियमित पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी।

थाना प्रभारी ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों से सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article