शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म; आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और बाद में शादी से इनकार करने का मामला सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़िता अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के साथ मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता का आरोप है कि उसकी पहचान निखिल रजक नामक युवक से एक सहेली के माध्यम से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाया, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती के अनुसार आरोपी ने उसे अपने परिजनों से मिलवाने के बहाने घर बुलाया। उस समय घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण करता रहा।

पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात दोबारा उठाई तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं विरोध करने पर उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित भी किया। इस संबंध में महिला थाना और दर्री थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।

पीड़िता का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। उसका कहना है कि केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। इसी वजह से वह अपने परिजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और मामले में त्वरित कार्रवाई व निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पीड़िता ने मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article