कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने गुरुवार को शहर के प्रमुख क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत आयोजित इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश देना था।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारियों और पुलिस सहायता केंद्रों के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
फ्लैग मार्च टी.पी. नगर चौक से शुरू होकर शारदा विहार तिराहा, सुनालिया चौक, पावर हाउस रोड, ओवरब्रिज के नीचे होते हुए पुराना बस स्टैंड तक निकाला गया। इस दौरान करीब 70 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस जवानों ने पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोहर्रम पर्व को पारंपरिक और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं, किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार निगरानी और प्रभावी पुलिसिंग की जा रही है।
