कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से किया गया। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम, आबकारी तथा सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षद रूबी सागर सहित जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा है, इसलिए कोई भी बच्चा इस अभियान से छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिले में इस बार 1 लाख 72 हजार 423 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिलेभर में 1578 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी बच्चों को दवा पिला रहे हैं। साथ ही गांवों, वार्डों, पारा-मोहल्लों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि हर बच्चे तक पोलियो रोधी दवा पहुंच सके।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में देश और प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य दिलाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। यदि कोई बच्चा बूथ पर दवा पीने से छूट जाता है, तो स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उसे पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने नवजात शिशुओं सहित कई बच्चों को स्वयं पोलियो की खुराक पिलाई। साथ ही उन्होंने रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकताओं को देखते हुए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से शेड सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
जिले के सभी विकासखंडों में भी जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की।
