तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को लिया चपेट में, हादसे में 2 भाइयों की मौत
जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन छोड़ ट्रेलर ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

घटना चांपा थाना क्षेत्र के हाथनेवार गांव की है। वही चांपा पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों से रात 9 से 10 बजे सूचना मिली कि हाथनेवार मुख्य मार्ग पर ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को ठोकर मारी है, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पुलिस टीम पहुंची और घायलों को उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल भेजा गया।डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखा गया था। दोनों मृतकों की पहचान किशन सिदार (20) और राजशंकर सिदार (21) के रूप में हुई। दोनों सक्ती जिले के नंदेली के रहने वाले थे। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है। पुलिस ने ट्रेलर वाहन को जब्त किया है।
परिजनों ने बताया कि किशन और राज शंकर दोनों चचेरे भाई थे। दोनों ने कक्षा 9वीं तक की पढ़ाई की है और रोजी मजदूरी का काम करते थे। सोमवार को दोनों घर से जैजैपुर पैसे निकालने जाने की बात कहते हुए निकले थे। देर शाम होने के बाद भी घर नहीं पहुंचे थे। इस बीच पुलिस से सूचना मिली की दोनों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। दोनों जैजैपुर से चांपा किस लिए आ रहे थे, यह जानकारी परिवार के किसी भी सदस्य को नहीं है।
