बिलासपुर जलाशय का हिस्सा टूटा, कई गांवों में घुसा पानी, हाइवे भी लबालब

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

भूपदेवपुर स्थित जलाशय में किसानों के पानी निकालने के प्रयास के दौरान हादसा, प्रशासन 17 घंटे से नियंत्रण में जुटा

रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में देर रात बड़ा हादसा हो गया, जब भूपदेवपुर स्थित बिलासपुर जलाशय का एक हिस्सा अचानक टूट गया। जलाशय का पानी तेजी से बहते हुए एक दर्जन से अधिक गांवों में घुस गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत अलर्ट हुआ और प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में करने की कोशिश कर रही है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले किसानों ने प्रशासन से पानी छोड़ने की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर कुछ किसानों ने खुद ही जलाशय से पानी निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान डैम का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पानी अनियंत्रित रूप से बह निकला।

पिछले करीब 17 घंटों से प्रशासनिक टीमें लगातार टूटे हुए गेट को ठीक करने और पानी के बहाव को नियंत्रित करने में लगी हुई हैं। लगातार पानी निकलने से जलाशय का जलस्तर तेजी से घट रहा है।

फिलहाल प्रभावित गांवों में राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने स्थिति को जल्द नियंत्रण में लेने और लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाने का आश्वासन दिया है।

Share This Article