कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश और सहायता के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
हादसा बांकी थाना क्षेत्र के बलगी-सुराकछार मुख्य मार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान रामेश्वर सिंह कंवर (36) के रूप में हुई है, जो सलियाभांठा गांव का निवासी था। वह किसी काम से बाइक से बलगी की ओर जा रहा था। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान एक हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई व मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन लाल सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश दी और शासन की ओर से मिलने वाली तत्काल सहायता राशि प्रदान की। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया गया।
रामेश्वर सिंह कंवर एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, बच्चे, भाई और माता-पिता हैं। इस हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
