कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सरपंच की पिटाई से घायल बुजुर्ग कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने आरोपी सरपंच की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
बताया जा रहा है कि घटना 30 मार्च की है। एक युवक के कुएं में गिरने से मौत हो जाने के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान एक सरपंच ने कर्मचारियों पर जल्द पोस्टमार्टम करने का दबाव बनाया। जब एक बुजुर्ग कर्मचारी ने व्यस्तता का हवाला देते हुए इंतजार करने को कहा, तो सरपंच भड़क गया और उसने कर्मचारी के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने कर्मचारी का सिर दीवार में भी पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल कर्मचारी को तत्काल ICU में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बालकृष्ण चनईया के रूप में हुई है। उनकी बेटी लक्ष्मी ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान हुई मारपीट ही उनके पिता की मौत का कारण बनी।
घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों और परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपी सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पोस्टमार्टम कक्ष और अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया है। विरोध के चलते अन्य शवों का पोस्टमार्टम भी प्रभावित हो रहा है।
जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक ने बताया कि घटना के दिन ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी और मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
