तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा बाइपास की है, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कृष्णा दास (22) और बिहारी लाल यादव (24) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक अपने-अपने गांव घुंचापुर और साखो के निवासी थे और किसी काम से कटघोरा गए हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लौटते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क किनारे दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
