कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक युवक की स्कूल की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय तनिष्क कर्ष के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार तनिष्क अपने बड़े भाई अविनाश कर्ष के साथ तरदा गांव स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल की तीन मंजिला छत पर सो रहा था। दोनों भाई सोमवार को चैनपुर गांव में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर देर रात लौटे थे, जिसके बाद वे स्कूल की छत पर सोने चले गए।
बताया जा रहा है कि रात के दौरान अविनाश मोबाइल पर बात कर रहा था, जबकि तनिष्क पास में सोया हुआ था। इसी बीच अचानक गिरने की आवाज आई। जब अविनाश ने देखा तो उसका भाई छत से नीचे गिर चुका था। वह तुरंत नीचे पहुंचा, लेकिन तब तक तनिष्क की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद अविनाश के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने शव को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की जांच के लिए केस डायरी उरगा थाने भेजी जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय दोनों भाई शराब के नशे में थे। आशंका जताई जा रही है कि नशे और गहरी नींद के कारण युवक का संतुलन बिगड़ा और वह छत से नीचे गिर गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
