कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: वन विभाग ने बालको वन परिक्षेत्र के ग्राम सतरेंगा में अवैध वनोपज के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 6 ठिकानों पर छापा मारा और लाखों रुपये की लकड़ी जब्त की।
मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश और उपवनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में टीम ने सर्च वारंट के साथ दबिश दी। अभियान का नेतृत्व वन परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार और देवव्रत सिन्हा ने किया।
छापेमारी के दौरान कुल 359 नग चिरान बरामद किए गए, जिनकी मात्रा करीब 5.405 घनमीटर और अनुमानित कीमत लगभग 4.25 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त लकड़ी में बीजा, साल, हल्दू जैसी कीमती प्रजातियां शामिल हैं, जिन्हें अवैध व्यापार के लिए संग्रहीत किया गया था।
कार्रवाई में 15 से 20 वन अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। वन विभाग ने मामले में वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी करतला क्षेत्र में वन तस्करों पर कार्रवाई की गई थी, जहां कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी।
