छत्तीसगढ़ में डिजिटल जनगणना की तैयारी, दो चरणों में होगी प्रक्रिया

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

1 मई से मकान सूचीकरण, 2027 में जनसंख्या गणना; ऑनलाइन सेल्फ-काउंटिंग की भी सुविधा

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ में आगामी जनगणना को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और जनगणना कार्य निदेशक कार्तिकेय गोयल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस बार जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी।

पहला चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। इसके बाद दूसरा चरण फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना के रूप में आयोजित होगा।

इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल तरीके से की जाएगी। नागरिकों को 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प मिलेगा, जिसके तहत वे खुद ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक यूनिक SE ID जनरेट की जाएगी और प्रगणक घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन करेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में घर-घर सर्वे के दौरान करीब 33 सवाल पूछे जाएंगे। इसमें मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और परिवार से जुड़ी जरूरी जानकारी शामिल होगी। पूरी प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से संपन्न की जाएगी।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनगणना का कार्य जनगणना अधिनियम 1948 के तहत किया जाएगा और एकत्रित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी। इन आंकड़ों का उपयोग किसी भी कानूनी या जांच प्रक्रिया में नहीं किया जाएगा।

Share This Article