कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत हरदीबाजार क्षेत्र के ग्राम मुढाली में मानवता और वन्यजीव संरक्षण का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया। यहां निर्माणाधीन पानी की टंकी में पिछले कुछ दिनों से एक एशियन पाम सिवेट (बज्जू) गिरकर फंसा हुआ था।
ग्रामीणों ने पहले उसे सुरक्षित बाहर निकलने का मौका देने के लिए टंकी में सीढ़ी भी लगाई, लेकिन प्रयास सफल नहीं हुआ। स्थिति को गंभीर देखते हुए गांव के युवक भूपेंद्र दास ने तुरंत वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम “नोवा नेचर” के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलते ही कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत के निर्देश पर रेस्क्यू टीम सक्रिय हुई। टीम के सदस्य राजू बर्मन और बबलू मारवा तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद बज्जू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू सफल होने पर ग्रामीणों और वन विभाग ने राहत की सांस ली। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद वन्यजीव को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस दौरान रेंजर शुभम मिश्रा, बिट प्रभारी रज्जन सिंह, परिक्षेत्र सहायक संतोष कुमार रात्रे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विशेषज्ञों के अनुसार एशियन पाम सिवेट एक रात्रिचर जीव है, जो रात में सक्रिय रहता है और दिन में सुरक्षित स्थानों पर विश्राम करता है। यह सर्वाहारी होता है और वन पारिस्थितिकी में बीजों के प्रसार के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के अंतर्गत संरक्षित है।
डीएफओ का संदेश:
डीएफओ कुमार निशांत ने अपील करते हुए कहा कि वन्यजीव पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यदि किसी भी वन्यजीव का सामना हो, तो स्वयं प्रयास करने के बजाय तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचित करें।
