कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। फैक्ट्री के एक टैंक के फटने से फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया, हालांकि फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। इस घटना ने कर्मचारियों और आसपास के लोगों को चौंका दिया, लेकिन अच्छी बात यह रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, इस फैक्ट्री में कार्बन बनाने का कार्य किया जाता है, जिसमें बाहर से टैंकरों के माध्यम से तरल पदार्थ लाया जाता है और टैंकों में स्टोर किया जाता है। सोमवार को एक टैंक फटने से फैक्ट्री के अंदर गर्म हार्ड पीच फैल गया, जो अगर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। इसके बाद सीएसईबी के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और पानी तथा फायर फोम का छिड़काव कर स्थिति को नियंत्रित किया। सीएसईबी के फायरमैन धर्मेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि जब उन्हें टैंक फटने की सूचना मिली, तो उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो टैंकरों से पानी और फोम का छिड़काव कर गर्म पीच को ठंडा किया और स्थिति पर काबू पाया।
हालांकि इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री में औद्योगिक सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र में कोई सुरक्षा बोर्ड भी नहीं है, जिससे यह पता चल सके कि वहां क्या काम होता है। इसके साथ ही, इंडस्ट्रियल एरिया से निकलने वाले जहरीले केमिकल और धुएं से भी आसपास के इलाके में रहने वाले लोग परेशान हैं, खासकर पुलिस लाइन में रहने वाले परिवार। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में पर्यावरण विभाग से भी कई बार शिकायत की है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
