कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए ग्राम नकटीखार में संचालित एक अवैध महुआ शराब भट्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 41 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की और बड़ी मात्रा में महुआ लहान नष्ट कर दिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धरसा नाले के पास तालाब के ऊपर कुछ लोग अवैध रूप से शराब तैयार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान 41 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4100 रुपये बताई गई है। जब्त सामग्री में 15 लीटर की एक डिब्बी और 10-10 लीटर के दो जरीकेन समेत अन्य उपकरण शामिल हैं।
इसके अलावा मौके पर भारी मात्रा में महुआ लहान भी पाया गया, जिसे पुलिस ने तत्काल नष्ट कर दिया। मामले में कुछ अन्य आरोपी भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कंवर (22 वर्ष) और अजय कुमार मंझवार (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नकटीखार क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ सिविल लाइन रामपुर थाने में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
