कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में भारतमाला मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रज्वल राठौर के रूप में हुई है, जो आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार प्रज्वल राठौर कोरबा से रायपुर किसी परिचित देखने हॉस्पिटल जा रहे थे। इसी दौरान उरगा-गुमिया के पास अचानक सड़क पर आए मवेशी से उनकी तेज रफ्तार कार टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल प्रज्वल को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय कार के एयरबैग भी खुल गए थे, लेकिन टक्कर की तीव्रता के चलते उनकी जान नहीं बच सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला मार्ग पर अक्सर मवेशियों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
