अवैध शराबखोरी पर सख्ती: कंचन ढाबा सील, पहले छापे में मिली थी भारी मात्रा में शराब
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 स्थित कंचन ढाबा पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। लंबे समय से यहां अवैध रूप से शराब परोसने की शिकायतें मिल रही थीं जिसके चलते पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से यह कदम उठाया।
दो दिन पहले कटघोरा पुलिस ने ढाबे पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की थी और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बावजूद संचालक द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।
लगातार शिकायतों और निर्देशों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पूरी रिपोर्ट राजस्व विभाग को सौंपी। इसके बाद विभाग के आदेश पर ढाबे को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भूमि स्वामी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस की मौजूदगी में स्वयं ढाबे पर ताला लगाया।
थाना प्रभारी के अनुसार जिले में “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अवैध शराब बिक्री और सेवन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। हाईवे किनारे संचालित ढाबों और होटलों की नियमित जांच की जा रही है।
