कोरबा जिले में आम नागरिकों के बीच सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
साइबर पुलिस थाना कोरबा ने CEIR पोर्टल की मदद से 75 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।
इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹11.50 लाख बताई जा रही है। खास बात यह है कि बरामद किए गए मोबाइल Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसी कंपनियों के हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर गुम हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने काम किया। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा और उप निरीक्षक अजय सोनवानी सहित पूरी टीम की भूमिका अहम रही।
पुलिस ने बताया कि CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से तकनीकी सहायता लेकर मोबाइलों को ट्रेस किया गया और विभिन्न जिलों व राज्यों से बरामद कर उनके असली मालिकों तक पहुंचाया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन कोरबा पुलिस की इस पहल ने उनका भरोसा और मजबूत किया है।
गौरतलब है कि पिछले 4 महीनों में कोरबा पुलिस 200 से अधिक गुम मोबाइल उनके मालिकों को लौटा चुकी है। यह अभियान आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ाने और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
