तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर बाइक पर पलटा, हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत, दो पोते घायल
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के पसान थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग की घाटी में कोयले से भरा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर बाइक पर पलट गया। हादसे में बाइक सवार 62 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो पोते घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान बालकुंवर निवासी धनरास गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोनों पोतों के साथ इलाज कराकर बाइक से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को चपेट में ले लिया और पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर पलटते ही तीनों लोग कोयले के नीचे दब गए। एक युवक पूरी तरह कोयले में दब गया था, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दबे युवक को बाहर निकाला।
हालांकि बालकुंवर की कोयले में दबने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दोनों पोतों को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद सड़क पर फैले कोयले को दूसरे वाहन की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लैंगा-जटगा घाटी में तेज रफ्तार भारी वाहनों की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
