कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के दीपका थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी पर बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का निजी अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
8 मई की रात करीब 9 बजे बसंतपुर इलाके में 25 वर्षीय आशा यादव अपने घर लौटी थीं। इसी दौरान पति अभिजीत यादव शराब के नशे में आया और मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे बेलचे से पत्नी के सिर पर दो बार वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गई।
इसके बाद आरोपी ने उसे घसीटते हुए सड़क तक ले जाकर डंडे और ईंट से भी हमला किया। पीड़िता के अनुसार उसने गला दबाने की कोशिश भी की। हमले के बाद आरोपी पत्नी को मृत समझकर मौके से फरार हो गया। महिला का इलाज कोरबा के निजी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मामले में पीड़िता के शिकायत के बाद दीपका पुलिस ने आरोपी अभिजीत यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
