झोराघाट में पुलिस का हंटर: फर्राटेबाजों की निकली हवा, 23 बाइकर्स पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस ने रविवार को झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान तेज रफ्तार, बिना सायलेंसर, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।

रविवार होने के कारण झोराघाट पिकनिक स्पॉट पर बड़ी संख्या में लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान कई युवक बाइक पर स्टंटबाजी, फर्राटेबाजी और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते नजर आए, जिससे आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित हो रही थी।

स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर वाहन चेकिंग शुरू की। जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना सायलेंसर बाइक दौड़ाने और ट्रिपल राइडिंग करने वाले बाइक चालकों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने कुल 23 दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला। अचानक हुई कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई युवक पुलिस को देखकर रास्ता बदलते भी दिखाई दिए।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। झोराघाट समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों और मुख्य मार्गों पर नियमित वाहन जांच की जाएगी। बिना लाइसेंस, शराब पीकर वाहन चलाने और स्टंटबाजी करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।

पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। नाबालिग के वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन मालिक और परिजनों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पिकनिक स्पॉट और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की नियमित कार्रवाई से दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

Share This Article