कोरबा में सीमांकन पर विवाद: ग्रामीणों ने RI-पटवारी को बनाया बंधक, बोले- गलत नाप कर रहे थे…..

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा में सीमांकन पर विवाद: ग्रामीणों ने RI-पटवारी को बनाया बंधक, बोले- गलत नाप कर रहे थे…..

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र स्थित नोनबिर्रा गांव में जमीन सीमांकन के दौरान विवाद हो गया। राजस्व निरीक्षक (RI) और हल्का पटवारी को ग्रामीणों द्वारा करीब दो घंटे तक रोके रखने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पटवारी भरत चौहान की शिकायत पर पुलिस ने संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि सीमांकन कार्य के दौरान अधिकारियों की कार के आगे बाइक खड़ी कर रास्ता रोका गया और सरकारी काम में बाधा डाली गई।

क्या है पूरा मामला

राजस्व विभाग की टीम नायब तहसीलदार करतला के आदेश पर नोनबिर्रा के बनियापारा में खसरा नंबर 643/1 की जमीन का सीमांकन करने पहुंची थी। पटवारी के मुताबिक, नाप-जोख पूरी होने के बाद आवेदक पक्ष ने सीमांकन पर आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि इस दौरान परिवार के सदस्य लीलाधर पटेल ने रस्सी लाकर आत्महत्या की धमकी दी। वहीं अधिकारियों के साथ गाली-गलौज और हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें तब तक जाने नहीं दिया गया, जब तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते।

पुलिस ने दर्ज किया केस

करतला थाना पुलिस ने चार ग्रामीणों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 221, 296, 351(3) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने लगाए रिश्वत और पक्षपात के आरोप

दूसरी ओर, ग्रामीणों ने प्रशासन पर गलत सीमांकन करने और विपक्षी पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है और कई शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।

परिवार के सदस्यों ने सोमवार को जनदर्शन में कलेक्टर को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका आरोप है कि जिस जमीन का सीमांकन होना था, उसकी बजाय दूसरी जमीन की नाप की गई और विरोध करने पर उन पर झूठा मामला दर्ज कर दिया गया।

Share This Article