कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के CSEB चौकी क्षेत्र स्थित 15 ब्लॉक में एक 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनीष चंद्रा के रूप में हुई है। घटना 13 मई की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, जब मनीष ने काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो उसके बड़े भाई ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में मनीष पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक का मोबाइल मिला, जो लॉक था। भाई ने बताया कि मनीष जिस युवती के संपर्क में था, उसी से मोबाइल का पासवर्ड लिया गया। मोबाइल खुलने पर उसमें मौत से पहले बनाया गया एक वीडियो और युवती के साथ हुई चैटिंग मिली है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर डिजिटल जांच शुरू कर दी है।
परिवार का आरोप है कि युवती मनीष पर लगातार मानसिक दबाव बना रही थी। बताया गया कि मनीष युवती के लिए ऑनलाइन सामान खरीदकर भेजता था और इसके लिए वह अपनी तथा अपनी मां की आईडी का उपयोग करता था। भाई के मुताबिक, मनीष अक्सर रातभर फोन पर बात करता था और कई बार घर से बाहर निकल जाता था।
मनीष एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और परिवार का कमाऊ सदस्य था। घटना के समय उसके माता-पिता विजयनगर स्थित निर्माणाधीन मकान की देखरेख के लिए गए हुए थे।
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। मोबाइल, वीडियो और चैट की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी तथा परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
