कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भादा जंगल में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगल गए दो ग्रामीणों पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में रिटायर्ड पंचायत सचिव बृजपाल तंवर और धनसिंह धनुहार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार ,गर्मी और तेंदूपत्ता सीजन के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण इन दिनों जंगलों में वनोपज संग्रहण के लिए पहुंच रहे हैं। इसी दौरान भादा जंगल की झाड़ियों के पास मौजूद भालू ने अचानक दोनों ग्रामीणों पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास नर-मादा भालू अपने शावकों के साथ मौजूद थे। आशंका है कि शावकों की सुरक्षा को लेकर भालू आक्रामक हो गया और हलचल महसूस होते ही हमला कर बैठा।
अचानक हुए हमले में दोनों ग्रामीणों के चेहरे, हाथ और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास तेंदूपत्ता तोड़ रहे अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर खदेड़ा। इसके बाद घायलों को तत्काल पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में महुआ, चार और अन्य जंगली फलों की वजह से भालू जंगल के किनारे और झाड़ियों में अधिक सक्रिय रहते हैं। वहीं तेंदूपत्ता सीजन में ग्रामीणों की जंगलों में आवाजाही बढ़ने से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने, समूह में रहने और सुरक्षा के लिए लाठी-डंडा साथ रखने की अपील की है। साथ ही जंगल में किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन अमले को सूचना देने को कहा गया है।
