अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी ऑटो; 2 की मौत, पिकनिक से लौट रहे थे सभी, कई घायल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले में बालको थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात से अधिक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बालको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा बस्ती निवासी करीब 10 युवक कारीघाट में पिकनिक मनाने गए थे। वापसी के दौरान सोमवार शाम सतरंगा मुख्य मार्ग पर पुल के नीचे चालक ने ऑटो से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सीधे खाई में जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि कई युवक ऑटो के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया।

मृतकों में खरमोरा निवासी सत्यम यादव (20 वर्ष) पिता रामकुमार यादव की पहचान हुई है। वहीं घायलों में विष्णु कंवर (19 वर्ष), भवानी कंवर (22 वर्ष), नीरज कुमार (23 वर्ष) और वासु कंवर (20 वर्ष) सहित अन्य युवक शामिल हैं। दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। जिला अस्पताल चौकी पुलिस को अस्पताल प्रबंधन ने मेमो भेजा है। बालको थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और तेज रफ्तार के कारण चालक का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Share This Article