कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दीपका में कोयला गिराने की पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना दीपका में प्रार्थी राहुल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 अप्रैल को ड्यूटी से घर लौटते समय क्रांति दुकान के पास आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कार से पहुंचकर पहले उसे गिराया और फिर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। आसपास लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना में घायल युवक ने इलाज कराने के बाद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ते हुए कार्रवाई तेज की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चन्दन सिंह (25 वर्ष) और राहुल सिंह (24 वर्ष) दोनों आरोपी मूल रूप से औरंगाबाद जिले के निवासी बताए गए हैं और वर्तमान में दीपका क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर कटघोरा जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से भी निकाल दिया गया है।
