कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सीतामढ़ी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 से अधिक बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और अन्य परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना में नैना गोस्वामी और उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार मंगलवार को 15-20 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने पहले घर का दरवाजा तोड़ा और फिर अंदर घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।


बताया जा रहा है कि हमले के दौरान नैना गोस्वामी, उनकी बहन, बच्चों और जीजा के साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मारपीट में नैना गोस्वामी को गंभीर चोटें आई हैं। उनके हाथ, पीठ और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें आरोपी घर में घुसते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद से पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत वापस लेने के लिए लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

