इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाया; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा पुलिस ने नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 2 मई को थाना उरगा क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री अचानक घर से लापता हो गई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और सीडीआर लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को कारा गांव से सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी रमेश मरकाम ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया था और कई बार दुष्कर्म किया।

पुलिस ने आरोपी रमेश मरकाम (25), निवासी हरदीडीह, चौकी चैतमा, थाना पाली, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 137(2), 64(2) (m) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के मुताबिक नाबालिग छात्रा और आरोपी की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई, फिर आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ भगा लिया। बताया जा रहा है कि छात्रा घर से करीब 20 हजार रुपये लेकर आरोपी के साथ रायपुर चली गई थी, जहां आरोपी मजदूरी का काम कर रहा था।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Share This Article