कोरबा: घर में फांसी के फंदे पर लटकती मिली विवाहिता की लाश, मचा हड़कंप

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कृष्णा नगर बस्ती में एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की लाश घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत का है। मृतका की पहचान प्रीति उर्फ बेबी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र पासवान नामक युवक उसे बिहार से भगाकर कोरबा लाया था जिसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र पहले से शादीशुदा था और उसने पहली पत्नी को छोड़कर प्रीति से लव मैरिज की थी। दोनों पिछले कुछ वर्षों से कृष्णा नगर में किराए के मकान में अपने तीन साल के बच्चे के साथ रह रहे थे। धर्मेंद्र बालको पावर प्लांट में ठेकेदारी कार्य से जुड़ा हुआ है।

रविवार सुबह धर्मेंद्र ने पत्नी को कमरे में लोहे के एंगल से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका देखा। पत्नी की हालत देखकर वह घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों की मदद से महिला को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

 

Share This Article