कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के प्रेमी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अपने दोस्तों को दिखाया। इसके बाद गांव के अन्य युवकों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय पीड़िता का एक युवक से प्रेम संबंध था। इसी दौरान आरोपी ने उसका वीडियो बना लिया और बाद में अपने साथियों के साथ साझा कर दिया। वीडियो की जानकारी गांव के अन्य युवकों तक पहुंचने पर उन्होंने नाबालिग को धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने और अशोभनीय हरकतें करने का आरोप है।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने अपने भाई को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर बालको थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
