कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कोयले से भरी एक चलती ट्रेलर में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूझबूझ दिखाते हुए चालक ने समय रहते वाहन रोककर छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर कोयला लेकर गुजर रही थी। सुबह करीब 9 बजे जब वाहन सर्वमंगला चौकी के पास पहुंचा, तभी उसके केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि वाहन में आग बुझाने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं थे। यही कारण रहा कि शुरुआती स्तर पर आग पर काबू नहीं पाया जा सका और लपटें तेजी से फैलती चली गईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कई लोग आग का वीडियो बनाते नजर आए, जबकि सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आग और धुएं के कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर सर्वमंगला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को आग से दूर किया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल वाहन के पहुंचने पर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। पुलिस और दमकल टीम ने मिलकर सड़क पर यातायात व्यवस्था भी बहाल कराई।
ट्रेलर चालक ने बताया कि केबिन से धुआं निकलते ही उसे खतरे का अंदेशा हो गया था। आग की लपटें बढ़ती देख उसने बिना देर किए वाहन रोका और नीचे कूद गया। चालक का कहना है कि कुछ सेकंड की देरी भी उसके लिए जानलेवा साबित हो सकती थी।
हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
