भारतमाला हाईवे पर भीषण हादसा: रामपुर विधायक के नाती समेत दो युवकों की मौत, तीन गंभीर घायल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले से जामुन लेकर बिलासपुर मंडी जा रही एक पिकअप वाहन शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। भारतमाला राजमार्ग पर हुए इस दर्दनाक दुर्घटना में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 12 बजे जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ाभाठा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप वाहन को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसका केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तथा वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती मंजीत कुमार राठिया (23 वर्ष) और उनके रिश्तेदार मुकेश राठिया (24 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। मंजीत विधायक के बड़े भाई चमार राठिया की बेटी का पुत्र था। दोनों मृतक एक ही परिवार से जुड़े थे।

वहीं दुर्घटना में दिनेश कुमार (25 वर्ष), कपूर राठिया (30 वर्ष) और अजीत राठिया (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें करतला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक फूलसिंह राठिया परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव उनके गृह ग्राम केरवाद्वारी लाए गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इधर हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

 

Share This Article