कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बहुचर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में एक नाबालिग सहित दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
ASI के बेटे चन्द्रमणि रात्रे को 6-7 जून की दरमियानी रात अज्ञात युवकों ने जान से मारने की नीयत से बोलेरो वाहन से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया।
गठित टीमों ने लगातार जांच करते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी विश्लेषण, ह्यूमन इंटेलिजेंस और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष), निवासी कड़ारी थाना बाराद्वार जिला सक्ती एवं वर्तमान निवासी विकास नगर कुसमुंडा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी उसी दिन थाना बाकीमोंगरा क्षेत्र के बलगी में हुई डकैती की वारदात में भी शामिल था। उक्त डकैती मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है तथा वारदात में इस्तेमाल वेन्यू कार और स्कूटी को जब्त किया जा चुका है। आरोपी की गिरफ्तारी से डकैती प्रकरण की जांच में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों और साक्ष्यों के संबंध में पुलिस की विवेचना जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस पूरे मामले के खुलासे में विशेष टीमों द्वारा की गई सतत निगरानी, सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
