कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में सोमवार दोपहर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उस समय सनसनी फैल गई जब भाजपा नेता एवं पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल तोमर को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले में जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शिव बालक सिंह तोमर अपने भतीजे से मुलाकात करने जिला जेल गए थे। इसी दौरान जेल मार्ग पर उनकी मुलाकात जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली से हुई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते उग्र हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रज्जाक अली और उसके तीन साथियों ने मिलकर तोमर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने रॉड, डंडे और बेसबॉल स्टिक जैसे हथियारों से उनके पैरों पर लगातार वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
तलवार लाने की भी पुष्टि, हथियारों की तलाश जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपियों में से एक व्यक्ति तलवार लेकर भी मौके पर पहुंचा था। हालांकि तलवार का इस्तेमाल हुआ या नहीं, इसकी जांच जारी है। पुलिस अब घटना में प्रयुक्त सभी हथियारों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल भाजपा नेता को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं में आक्रोश देखने को मिला। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे तथा घायल शिव बालक सिंह तोमर का हालचाल जाना। भाजपा नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, गिरफ्तार जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने मामले को अलग दृष्टिकोण से पेश करते हुए दावा किया है कि विवाद की पृष्ठभूमि में महिला संबंधी मामला जुड़ा हुआ है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त हथियारों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
