कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेंदूपत्ता गोदाम के पास एक यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार 40 से 50 यात्रियों में से 12 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यात्री बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पाली क्षेत्र स्थित तेंदूपत्ता गोदाम के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायलों का उपचार जारी है और सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे तेज रफ्तार या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
