कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के बुधवारी बाईपास मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नगर निगम कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सड़क पर जा रहे एक ठेले से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान सुनील गुप्ता (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बालको क्षेत्र के निवासी थे और नगर निगम में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह बाइक से टीपी नगर की ओर से बुधवारी बाईपास मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे जा रहे ठेले से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। ठेला चालक कृष्णा कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने पीछे से आ रही बाइक को नहीं देखा था, लेकिन अचानक जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। उसके मुताबिक बाइक चालक ने ब्रेक लगाने की भी कोशिश नहीं की और सीधे ठेले के पिछले हिस्से से जा भिड़ा।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सुनील गुप्ता की मौत हो चुकी थी। घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइक को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नो-एंट्री खुलने के बाद बुधवारी बाईपास मार्ग पर भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।
