कोरबा में दो चोरी के अलग-अलग मामले में 2 आरोपी पकड़ाए; 7 लाख के वाहन सहित नकदी-आभूषण बरामद 

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मकान चोरी और टाटा मैजिक वाहन चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और करीब 7 लाख रुपये कीमत का वाहन बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

उरगा थाना में 6 जून 2026 को संतोषी साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर नगदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 352/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम लालमाटी निवासी युवराज कुमार कंवर (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी के कब्जे से करीब 16 हजार रुपये मूल्य का चांदी का हाफ करधन सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया।

7 लाख का टाटा मैजिक चोरी करने वाला आरोपी भी दबोचा गया

वहीं दूसरे मामले में 20 जून 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी टाटा मैजिक वाहन क्रमांक CG 12 BT 2852 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर उरगा थाना में अपराध क्रमांक 351/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर करन भारद्वाज (20 वर्ष) निवासी नोन्दीरी, थाना करतला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत का चोरी गया टाटा मैजिक वाहन बरामद कर लिया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार वाहन चोरी मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उरगा पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई कर चोरी की संपत्ति बरामद करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Share This Article