कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवारी बाजार में सोमवार को एक फर्नीचर दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के भीतर रखा लाखों का फर्नीचर, लकड़ी और अन्य सामान देखते ही देखते जलकर खाक हो गया। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले दुकान के अंदर से उठती दिखाई दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें दुकान की टीन और शटर को चीरते हुए बाहर निकलने लगीं। आग की भयावहता को देखकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को घटना की सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन खबर लिखे जाने तक दमकल वाहन के मौके पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई है। ऐसे में स्थानीय लोग अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग किन परिस्थितियों में लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग लगने से दुकान के अंदर रखा बड़ी मात्रा में फर्नीचर और लकड़ी पूरी तरह जल गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोगों ने आग बुझाने के लिए पानी और अन्य संसाधनों का उपयोग किया, ताकि आग आसपास की दुकानों तक न फैल सके। फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। यह पूरी घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के सोमवारी बाजार की बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस घटना का वीडियो देखने के लिए यहाँ क्लिक करें:-
