कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में झपटमारी और चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक ओर काम से घर लौट रही युवती से बाइक सवार बदमाशों ने वेतन की राशि और मोबाइल फोन झपट लिया, वहीं बिलासपुर से बस में लौटी महिला का सोने का मंगलसूत्र भीड़ का फायदा उठाकर चोरी कर लिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वेतन लेकर लौट रही युवती को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार चिमनी भट्ठा निवासी नेहा पाण्डेय (24 वर्ष) हीरानंद कॉम्प्लेक्स स्थित श्रीराम वस्त्रालय में कार्यरत हैं। रविवार रात करीब 9:50 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह पैदल अपने घर जा रही थीं। उन्हें वेतन के रूप में 9,840 रुपये मिले थे, जिन्हें उन्होंने अपने वीवो मोबाइल के साथ हाथ में रखा हुआ था।
जैसे ही वह एक्सिस बैंक के पास पहुंचीं, पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल और नकदी झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। मोबाइल की कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है। इस घटना में पीड़िता को कुल 13,840 रुपये का नुकसान हुआ।
पीड़िता के मुताबिक दोनों आरोपियों की उम्र करीब 22 से 24 वर्ष के बीच थी। बाइक चला रहा युवक डार्क ब्लू रंग की फुल शर्ट पहने हुए था। घटना के बाद उन्होंने सीएसईबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
बस यात्रा के दौरान महिला का मंगलसूत्र चोरी
दूसरे मामले में कोरबा निवासी एक महिला बिलासपुर से बस के जरिए वापस लौटी थीं। बुधवारी बस स्टॉप पर उतरते समय उन्हें पता चला कि उनके गले से सोने का मंगलसूत्र गायब है। आशंका है कि बस में सफर के दौरान किसी अज्ञात चोर ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। महिला ने सीएसईबी चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों की तलाश
कोरबा CSP ने बताया कि दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। झपटमारी की घटना में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं मंगलसूत्र चोरी के मामले में भी पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
