कोरबा में जमीन बंटवारे को लेकर विवाद: दिव्यांग बेटे ने मां को लाठी से पीटकर उतारा मौत के घाट, पिता पर भी किया हमला….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद ने शुक्रवार देर रात खूनी रूप ले लिया। दिव्यांग बेटे ने लाठी से हमला कर अपनी मां की हत्या कर दी, जबकि पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार चीतापाली निवासी श्याम लाल यादव अपनी पत्नी जानकुंवर और छोटे बेटे रामकुमार यादव के साथ गांव में रहते थे। बड़ा बेटा कोरबा शहर में रहता है। बताया गया कि रामकुमार दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। वह लंबे समय से पैतृक जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था लेकिन उसके माता-पिता इसके लिए तैयार नहीं थे।

शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच रामकुमार ने एक बार फिर जमीन के बंटवारे की बात उठाई। इस दौरान माता-पिता द्वारा मना किए जाने पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर उसने अपनी लाठी से मां जानकुंवर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी ने पिता श्याम लाल पर भी हमला कर दिया। हमले में उनका एक पैर टूट गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

महिला का शव रातभर घर में ही पड़ा रहा। शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जबकि गंभीर रूप से घायल श्याम लाल यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आरोपी रामकुमार यादव घटना के बाद फरार हो गया था जिसे पुलिस ने ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी जमीन विवाद को लेकर अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर चुका था। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article