तलाक की प्रक्रिया के बीच पति ने ससुराल में किया हंगामा: एयर गन दिखाकर पत्नी को धमकाया; फिर….. 

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

तलाक की प्रक्रिया के बीच पति ने ससुराल में किया हंगामा: एयर गन दिखाकर पत्नी को धमकाया; फिर….. 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  तलाक की प्रक्रिया के बीच एक युवक ने अपनी पत्नी के ससुराल पहुंचकर हंगामा किया और एयर गन को असली पिस्टल बताकर उसे डराने-धमकाने की कोशिश की। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हंड्रेड बेड कॉलोनी की है। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार बिलासपुर निवासी सतीश कश्यप और पीड़िता ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके चलते वर्तमान में तलाक की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।

बताया गया कि पीड़िता चिकित्सा विभाग में कार्यरत है और अपने पिता के साथ हंड्रेड बेड कॉलोनी में रहती है। कुछ दिन पहले दोनों पक्ष वकील के पास आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने-अपने घर लौट गए थे। इसके बावजूद आरोपी दोबारा ससुराल पहुंच गया और पत्नी से मिलने की जिद करने लगा।

परिजनों के मुताबिक, महिला ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। बाद में जब वह बाहर आई तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए थप्पड़ मार दिया। विवाद बढ़ने पर उसने अपने पास मौजूद एयर गन निकालकर उसे असली पिस्टल बताया और पत्नी को धमकाने लगा।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने एयर गन को असली हथियार बताकर महिला और उसके परिवार में भय का माहौल बनाने का प्रयास किया।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी सतीश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के दौरान मौजूद उसके मामा की भूमिका भी जांच में संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और भय उत्पन्न करने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article