कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित सिद्धि मोबाइल शॉप में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर दुकान का छज्जा तोड़कर अंदर घुसा और रिपेयरिंग के लिए रखे कई मोबाइल फोन के साथ डिस्प्ले पर रखा एक नया मोबाइल चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक दुकान संचालक रोज की तरह शुक्रवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि दुकान का छज्जा तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुआ था।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक चेहरे पर कपड़ा बांधकर दुकान में प्रवेश करता है। सबसे पहले उसने काउंटर की दराज में नगदी तलाशने की कोशिश की, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर रिपेयरिंग के लिए रखे मोबाइल फोन और डिस्प्ले पर रखा एक नया मोबाइल उठाकर उसी रास्ते से फरार हो गया। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में आरोपी का हुलिया स्पष्ट दिखाई देने से पुलिस को जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।
पुलिस ने दुकान संचालक की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात को किसी स्थानीय व्यक्ति ने अंजाम दिया है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा में भी एक स्वीट्स दुकान में चोरी हुई थी, जिसकी पूरी घटना भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
